जम्मनलाल शर्मा व विजय मित्रा एकादश के बीच होगा खिताबी मुकाबला
लखनऊ,चंद्रभान गुप्त खेल मैदान पर आयोजित तृतीय स्व. विजय मित्र द्विवेदी स्मारक सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता में फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। सेमीफाइनल मुकाबलों में जीत हासिल कर जम्मनलाल शर्मा एकादश और विजय मित्रा द्विवेदी एकादश ने खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया।
सेमीफाइनल मुकाबलों से पहले हॉकी के जादूगर के डी सिंह बाबू के पोते एवं जूनियर सिंह के पुत्र स्व. अमर दीपक सिंह के निधन पर शोकसभा आयोजित की गई।
उनका निधन सोमवार को हुआ था। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में जम्मनलाल शर्मा एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गांधी क्लब बीबीके को 3-1 गोल से पराजित किया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में विजय मित्रा द्विवेदी एकादश ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और केडी सिंह बाबू एकादश को 5-2 गोल से शिकस्त देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
फाइनल मुकाबला बुधवार को जम्मनलाल शर्मा एकादश और विजय मित्रा द्विवेदी एकादश के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।


