अपराजिता एवं सुरक्षित बचपन कार्यक्रम के तहत कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज मंगलौर में जागरूकता शिविर आयोजित
छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, मौलिक अधिकारों और नशे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी
छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, मौलिक अधिकारों और नशे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी
अनिल कश्यप
रुड़की। सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से सुरक्षित बचपन कार्यक्रम के अंतर्गत कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, मंगलौर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सिमरनजीत कौर, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार ने शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को जागरूकता का महत्व समझाते हुए उनकी सुरक्षा, अधिकारों और कानूनी प्रावधानों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य अतिथि सिमरनजीत कौर ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, सुरक्षित बचपन अभियान, छात्र-छात्राओं के मौलिक अधिकार, गुड टच-बैड टच और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रा को अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक होना चाहिए। किसी भी प्रकार के गलत व्यवहार, शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को बताया कि जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से भी संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनका बेहतर भविष्य समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता और सही कानूनी जानकारी के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. रविंद्र कपूर, कार्यवाहक प्रधानाचार्य सहित विद्यालय के दर्जनों शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से अधिकार मित्र दीपक कुमार, बालेन्द्र कुमार एवं अनिल कश्यप ने भी सहयोग किया।



