शुक्रवार, 20 नवंबर 2026
राही न्यूज़
सच की आवाज़मंज़िल की ओर
होम रुड़की-हरिद्वारउत्तराखंडराजनीतिअपराधधर्म-आस्थाएक्सक्लूसिवखेल वीडियो
ब्रेकिंग
रुड़की-हरिद्वार

गन्ना किसानों के लिए दो नई अगेती प्रजातियां, लक्सर शुगर मिल उपलब्ध करा रही एक लाख पौधे

रेड रॉट रोग से प्रभावित 0238 प्रजाति से परेशान किसानों को शरदकालीन बुआई के लिए को-21012 और को-20016 मिलेंगी। मांग के हिसाब से फरवरी तक आपूर्ति होगी।

रिपोर्ट: Uni Soft Newsलक्सर ·1 दिन पहले·अपडेट 1 दिन पहले
6
प्रतीकात्मक चित्र: राही न्यूज़
प्रतीकात्मक चित्र: राही न्यूज़

शरदकालीन गन्ना बुआई से पहले क्षेत्र के किसानों के लिए राहत की ख़बर है। लक्सर शुगर मिल किसानों को गन्ने की दो नई प्रजातियों, को-21012 और को-20016, के कुल एक लाख पौधे उपलब्ध करा रही है। दोनों प्रजातियां करनाल स्थित गन्ना प्रजनन संस्थान में विकसित की गई हैं।

पिछले कुछ समय से क्षेत्र के किसान 0238 प्रजाति में लगने वाले रेड रॉट रोग से परेशान हैं। ज़्यादा बारिश और दूसरे रोगों ने भी फसल को नुकसान पहुंचाया। इसी को देखते हुए मिल प्रबंधन ने नई प्रजातियों के बीज के लिए करार किया था, और बुआई से पहले ही पौधे मिलने शुरू हो गए हैं।

जल्दी पकने वाली, बेहतर रिकवरी

लक्सर शुगर मिल के यूनिट हेड एसपी सिंह के मुताबिक दोनों अगेती, यानी जल्दी पकने वाली प्रजातियां हैं और इनमें सुक्रोज की मात्रा व रिकवरी बेहतर है। इनका परीक्षण उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र, यानी उत्तराखंड, पश्चिमी व मध्य उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में किया गया है।

मिल की ओर से बताया गया है कि फरवरी तक किसानों की मांग के हिसाब से आपूर्ति की जाएगी। किसानों को बुआई का सही समय, बीज की मात्रा, खेत की तैयारी, खाद-उर्वरक, सिंचाई और रोगों से बचाव के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

(इनपुट: अमर उजाला)