गंगोत्री से 5,000 लीटर गंगाजल लेकर पशुपतिनाथ धाम रवाना हुई गंगा कलश यात्रा, हरिद्वार में भव्य स्वागत
गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश महाराज के नेतृत्व में निकली यात्रा उत्तरकाशी और टिहरी होते हुए हरिद्वार पहुंची; अब नेपाल के काठमांडू में होगा जलाभिषेक।
गंगोत्री धाम से पांच हज़ार लीटर पवित्र गंगाजल लेकर निकली श्री गंगा कलश यात्रा हरिद्वार में पड़ाव के बाद नेपाल के लिए रवाना हो गई। यात्रा का नेतृत्व गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश महाराज कर रहे हैं।
उत्तरकाशी और टिहरी होते हुए हरिद्वार पहुंची यात्रा का पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के चरण पादुका मंदिर में भव्य स्वागत हुआ। यहां अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने कलश का पूजन किया।
हर साल निभाई जाती है परंपरा
गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद हर साल यह गंगा कलश नेपाल के काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचाया जाता है, जहां इस जल से भगवान शिव का जलाभिषेक होता है। लक्ष्मी पूजन की अवधि में कलश वहीं रहता है।
हरिद्वार से यात्रा का अगला पड़ाव मुरादाबाद बताया गया है। आयोजकों का कहना है कि अगले साल यात्रा को और भव्य बनाने की कोशिश की जाएगी।
(इनपुट: अमर उजाला)
